शुद्धिकरण प्रक्रिया...

किसी व्यक्ति को खान से अशुद्ध सोने का – अन्य धातु आदि से मिश्रित टुकड़ा मिले, तो उसके शुद्ध सोने में रूपांतरित होने की संपूर्ण प्रक्रिया इस प्रकार है 🡺
१. वह यह जाने-स्वीकारे कि, ‘यह वास्तव में सोना है’।
२. वह यह जाने-स्वीकारे कि, ‘अभी यह अशुद्ध है’।
३. वह यह जाने-स्वीकारे कि, ‘यह शुद्ध हो सकता है’।
४. वह यह जाने-स्वीकारे कि, ‘इसे शुद्ध करने से इतने लाभ हैं – इतनी कीमत मिलती है’ इत्यादि।
५. उसे शुद्ध करने की (= अशुद्धि दूर करने की) इच्छा हो।
६. वह अशुद्धियों के स्वरूप को जाने-स्वीकारे।
७. वह अशुद्धि दूर करने के उपाय को जाने-स्वीकारे।
८. वह अशुद्धि दूर करने का पुरुषार्थ करे।
९. सोना शुद्ध हो जाता है।
इस समग्र प्रक्रिया में, ज्ञान (जो किसी के शब्दादि से मिलता है) और उसकी स्वीकृति (श्रद्धा) आवश्यक है; इच्छा और पुरुषार्थ आवश्यक हैं। अनुभव आवश्यक नहीं बनता।
हाँ, अशुद्धि दूर करने का पुरुषार्थ शुरू करने के बाद, ‘अपना पुरुषार्थ सम्यक् दिशा में है, अशुद्धि दूर हो रही है’ – इसका अनुभव हो, तो वह पुरुषार्थ को तीव्र करने में सहायक बन सकता है - यह संभव है। पर यह अनिवार्य नहीं है। जिसने अशुद्धि दूर करने का उपाय बताया है, उन पर तीव्र श्रद्धा हो, तो भी पुरुषार्थ तीव्र बन सकता है, जो सोने को शुद्ध कर सकता है।
दूसरी बात यह है कि इस प्रक्रिया में अशुद्धियों के स्वरूप को जानना अनिवार्य है; क्योंकि उन्हें दूर करना है। ‘शुद्ध सोने का स्वरूप कैसा होता है?’ यह जानना आवश्यक नहीं है। वह तो शुद्ध होने के बाद ही जाना जाता है।
जिसका ज्ञान भी आवश्यक न हो, उसका अनुभव होना तो आवश्यक है ही नहीं; और सोने के शुद्ध होने से पहले उसका अनुभव संभव भी नहीं है।
आवश्यक केवल इतना ही है कि शुद्ध सोने की कीमत पता हो – शुद्ध होने से होने वाले लाभ पता हों, ताकि उसे शुद्ध करने की इच्छा हो।
सोना एक दृष्टांत-स्वरूप है। किसी भी पदार्थ के शुद्धिकरण में यही प्रक्रिया लागू होगी। अंतिम शुद्ध स्वरूप का ज्ञान या प्रत्यक्ष पहले से होना आवश्यक नहीं है; उसके लाभ का ज्ञान ही आवश्यक होता है।
दुनिया में अन्य जो भी लक्ष्य – मंज़िल होते हैं, उनके स्वरूप का ज्ञान तो उन्हें प्राप्त करने के पश्चात् ही होता है। तब तक शायद सुना होने के कारण किंचित् ज्ञान होता है, पूर्ण नहीं। अनुभव तो होता ही नहीं है।
आवश्यकता मात्र उस मंज़िल को प्राप्त करने के लाभों के ज्ञान की होती है, जिससे मंज़िल प्राप्त करने की तीव्र इच्छा हो।
आत्मा के शुद्धिकरण में भी समान प्रक्रिया लागू होती है।
१. वह यह जाने-स्वीकारे कि, ‘मैं आत्मा हूँ (मात्र शरीरादि नहीं)’। (नास्तिक का निराकरण)
२. वह यह जाने-स्वीकारे कि, ‘मैं अभी अशुद्ध (दोषयुक्त) हूँ’। (सांख्य का निराकरण)
३. वह यह जाने-स्वीकारे कि, ‘मैं शुद्ध (दोषमुक्त) हो सकता हूँ’। (मीमांसक और बौद्ध का निराकरण)
४. शुद्ध होने के लाभ – शाश्वत समतासुख की प्राप्ति आदि.. जाने-स्वीकारे। (अभव्य का निराकरण)
५. शुद्ध होने की – अशुद्धि दूर करने की इच्छा हो।
६. अशुद्धि के स्वरूप (राग-द्वेष, कामराग-स्नेहराग-दृष्टिराग) को जाने-स्वीकारे।
७. अशुद्धि को दूर करने के उपाय (भावना और क्रिया) को जाने-स्वीकारे। (सम्यग्दर्शन ज्ञान)
८. अशुद्धि दूर करने का पुरुषार्थ करे। (चारित्र)
९. शुद्ध हो जाए।
इस प्रक्रिया में भी ज्ञान-श्रद्धा-इच्छा-पुरुषार्थ आवश्यक हैं।
श्रद्धा के बिना जानकारी तो ज्ञान-रूप बनती ही नहीं है। और ‘शुद्ध होने से शाश्वत सुख मिलता है’ ऐसी श्रद्धा आ जाए तो शुद्ध होने की इच्छा होती ही है; क्योंकि सुख की इच्छा तो जीव को होती ही है। इसलिए श्रद्धा एक महत्त्वपूर्ण-अनिवार्य गुण है।
शुद्धि के अनुभव की कहीं भी आवश्यकता नहीं पड़ती।
हाँ, अशुद्धि दूर करने का पुरुषार्थ शुरू करने के बाद, आंशिक शुद्धि से होने वाला सुख का अनुभव, ‘संपूर्ण शुद्धि से ही शाश्वत सुख की प्राप्ति होगी’ – ऐसी श्रद्धा को दृढ़ करने के द्वारा... ‘अशुद्धि दूर हो रही है’ ऐसा अनुभव, ‘यही सुख का-शुद्धिकरण का सम्यक् उपाय है’ - ऐसी उपाय पर श्रद्धा को दृढ़ करने के द्वारा.. पुरुषार्थ को दृढ़ करने में सहायक बन सकता है। पर वह अनिवार्य नहीं है। उपाय बताने वाले पर तीव्र श्रद्धा से भी पुरुषार्थ दृढ़ हो सकता है।
इस प्रक्रिया में भी आत्मा के शुद्ध स्वरूप के ज्ञान की आवश्यकता नहीं है, अशुद्धि के ज्ञान की ही आवश्यकता पड़ती है; क्योंकि अशुद्धि दूर करनी है।
शुद्ध स्वरूप के अनुभव की आवश्यकता पड़ने का तो प्रश्न ही नहीं उठता। यह अलग बात है कि जैसे-जैसे अशुद्धि दूर होती है, वैसे-वैसे शुद्ध स्वरूप का अंश अनुभव में आता जाता है, क्योंकि प्रक्रिया अपने ऊपर होती है। पर ‘यह अनुभव शुद्ध स्वरूप के अंश का है’ यह पता होना आवश्यक नहीं है।
आवश्यक केवल इतना ही है कि शुद्ध स्वरूप, शाश्वत सुख का कारण है – इतना पता हो, इतनी श्रद्धा हो।
इतना ही नहीं, ‘मैं अशुद्ध हूँ’ यह ज्ञान अनिवार्य है। तभी शुद्ध होने के लिए पुरुषार्थ होगा। यदि पूर्ण शुद्ध स्वरूप का अनुभव ही हो जाए; तो ‘मैं पूर्ण रूप से शुद्ध ही हूँ’ ऐसी (भ्रमात्मक) प्रतीति, ‘मैं अशुद्ध हूँ’ इस ज्ञान में बाधक बनकर, शुद्ध होने के पुरुषार्थ में भी बाधक बनती है।
इसलिए पूर्ण शुद्ध स्वरूप का (भ्रमात्मक) अनुभव तो शुद्धता की प्राप्ति में बाधक बन सकता है।
सोना और आत्मा के शुद्धिकरण की प्रक्रिया में कुछ अंतर हैं 🡺
१. सोने के अशुद्ध टुकड़े को शुद्ध करने की प्रक्रिया के दौरान, दूसरा शुद्ध सोने का टुकड़ा विद्यमान हो सकता है।
दूसरा शुद्ध आत्मा, अभी यहाँ विद्यमान ही नहीं है।
२. सोना इंद्रियगम्य होने के कारण, दूसरे शुद्ध सोने का प्रत्यक्ष हो सकता है।
आत्मा इंद्रियगम्य न होने के कारण, कोई दूसरा शुद्ध आत्मा हो भी, तो उसका प्रत्यक्ष नहीं होता।
३. सोने के शुद्धिकरण की प्रक्रिया के दौरान, शुद्धता की हो रही वृद्धि का अनुभव हो ही - ऐसा कोई नियम
नहीं है। अपने आत्मा के शुद्धिकरण की प्रक्रिया के दौरान, हो रही शुद्धता का अनुभव स्वयं को होता ही है, क्योंकि प्रक्रिया अंदर होती है। वह उस अनुभव को व्यक्त-रूप में या वाच्य-रूप में समझ न सके – कह न सके, यह अलग बात है।
आत्मा की अशुद्धता दो प्रकार की है 🡺
१. परद्रव्य (कर्म-शरीरादि पुद्गल) के संबंध के रूप में।
२. राग-द्वेषादि युक्त अशुभ अध्यवसाय – अशुद्ध पर्याय के रूप में।
इसमें मुख्य अशुद्धता, अशुद्ध पर्याय की ही है, क्योंकि 🡺
१. उसी के कारण कर्मबंध, उससे शरीर-निर्माण आदि होता है।
२. उसके नाश के बिना परद्रव्य के संबंध से मुक्ति संभव नहीं है।
३. पहले वीतरागता-जीवनमुक्ति है; उसके बाद ही शरीर से मुक्ति रूप मोक्ष है।
४. दोष के ह्रास के बिना कर्मनाश को तो शास्त्र में अकिंचित्कर कहा गया है – मंडूकचूर्णवत्।
५. अशुद्ध पर्याय के नाश से ही वीतराग/अरिहंत को कृतकृत्य बताया गया है।
६. दोष को कर्मजन्य कहा जाता है - यह उपचार है। वास्तव में, कर्म दोषजन्य हैं। (इसीलिए पहले दोषमुक्ति;
फिर कर्ममुक्ति है।)
७. राग-द्वेष का नाश होने के बाद कर्मनाश-शरीरनाश स्वयं हो जाता है।
प्रश्न : राग-द्वेष भी तो कर्म के उदय से ही होते हैं न?
उत्तर : नहीं। कर्म का उदय उसमें निमित्त कारण है, जीव का पुरुषार्थ प्रधान कारण है। इसीलिए कर्म के उदय को निष्फल करके, राग-द्वेष का नाश करके जीव मुक्त बन सकता है।
यदि कर्म का उदय ही राग-द्वेष का प्रधान कारण होता, तो किसी भी जीव की कभी मुक्ति नहीं होती, क्योंकि कर्म तो प्रत्येक छद्मस्थ में पड़ा ही है।
इसलिए शुद्धिकरण के लिए अशुद्ध पर्यायों का ज्ञान और उन्हें शुद्ध करने का लक्ष्य; मार्ग का ज्ञान-पुरुषार्थ ही आवश्यक है, जिसे शास्त्रकारों ने स्थान-स्थान पर बताया है।
तब पर्याय पर से दृष्टि हटाकर मात्र द्रव्य का ध्यान करने की बात, साधना-मार्ग कैसे बन सकती है?
आत्मा की अशुद्धि का अनुभव कैसे हो?
१. दुःख का अनुभव हो रहा हो, और ‘दुःख का कारण अशुद्धि है’ ऐसे ज्ञानी के वचन को स्वीकार किया हो।
२. राग-द्वेष का अनुभव हो रहा हो, और ‘राग-द्वेष ही अशुद्धि है’ ऐसे ज्ञानी के वचन को स्वीकार किया हो।
इससे यह समझ आएगा कि सम्यग् अनुभव, ज्ञानी के वचन पर श्रद्धा पर अवलंबित है। श्रद्धा के बिना सम्यग् अनुभव संभव नहीं है। (श्रद्धा के बिना अनुभव तो सांसारिक सामग्री में सुख का होता है, जो आध्यात्मिक विकास में सहायक नहीं, बल्कि बाधक है।) पर श्रद्धा अनुभव पर अवलंबित नहीं है। कदाचित् उसमें अनुभव सहायक बन सकता है, पर अनिवार्य नहीं है।
Article written by P.P. Bhavyasundar Vijayji Maharaj Saheb.

Comments